मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
टिहरी गढ़वाल : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन बौराड़ी क्षेत्र स्थित राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय तथा बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं खेल सुविधाओं के विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र में उन्होंने बच्चों की संख्या, खेल सामग्री और पोषण आहार की जानकारी ली। इस अवसर पर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई तथा बच्चों का वजन भी मापा गया। उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्त्रियों को घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मध्यान्ह भोजन योजना, फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के प्रयासों पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए शिक्षकों की सराहना की।
मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध पुस्तकों, अभिलेखों तथा दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि यह पुस्तकालय पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है तथा यहां राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक का समृद्ध साहित्य उपलब्ध है, जिससे शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
इसके बाद उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

