जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने ली सीमांत क्षेत्र की मोटर सड़कों की प्रगति की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में जनपद के धारचूला विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न मोटर सड़कों के निर्माण, डामरीकरण एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न मोटर मार्गों की वर्तमान स्थिति, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों, डामरीकरण, चौड़ीकरण तथा स्वीकृत परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। साथ ही जिन मार्गों पर वन भूमि हस्तांतरण, प्रशासनिक अथवा तकनीकी स्वीकृतियों के कारण कार्य प्रभावित हैं, उन मामलों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में सड़क संपर्क सुगम होना विकास, पर्यटन, सुरक्षा तथा स्थानीय नागरिकों की सुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में भी यातायात बाधित न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव के कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं।
उन्होंने निर्माणदायी एजेंसियों को गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए शासन स्तर से स्वीकृति अपेक्षित है, उनकी पत्रावलियां समयबद्ध ढंग से प्रेषित कर आवश्यक अनुश्रवण किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न मोटर मार्गों की अद्यतन स्थिति, स्वीकृत योजनाओं तथा प्रस्तावित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई लोनिवि धारचूला किशन सिंह ऐरी, अधिशासी अभियंता लोनिवि अस्कोट मोहम्मद रशीद, एई लोनिवि अस्कोट हेम पांडे समेत एनपीसीसी धारचूला के अधिकारी उपस्थित रहे।

