Thursday, July 23, 2026
Latest:
उत्तराखंड

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किए केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण 

देहरादून/रुद्रप्रयाग/चमोली : पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज केदारनाथ मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने पारंपरिक रूप से उनका स्वागत किया। मंत्री ने मंदिर परिसरों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा रिकॉर्ड स्तर पर चल रही है और राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक ऊर्जा विश्व को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती है।

मंत्री ने बताया कि उनकी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है। इसके लिए 3,67,995 रुपये का प्रीमियम बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के जरिए यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को दिया गया है। योजना के तहत प्रत्येक धाम के लिए 2.50 करोड़ रुपये का बीमा कवर निर्धारित किया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि बीमा पॉलिसी के तहत मंदिर परिसर में भगदड़, प्राकृतिक आपदा या अन्य जोखिमों की स्थिति में प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर आने से पहले स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं और डॉक्टर की सलाह लें। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी को ध्यान में रखते हुए जरूरी दवाएं साथ रखें और यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।इस अवसर पर उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत और मोहिना रावत भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *