Saturday, June 6, 2026
Latest:
उत्तराखंड

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

देहरादून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों को फलदार पौधे भी वितरित किए और अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरित भविष्य के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से फलदार पौधों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इनके रोपण से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण सुरक्षा और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही कहा कि परिवार के साथ पौधारोपण करने से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और नई पीढ़ी में प्रकृति संरक्षण के संस्कार मजबूत होते हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए और धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर निर्मला जोशी, ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी देवेन्द्र सिंह राणा, मुख्य उद्यान अधिकारी डी.के. तिवारी, पूर्व प्रधान समीर पुंडीर, मंडल महामंत्री अल्का कुल्हान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *