उत्तराखंड

पर्वतारोहियों का साहस और अनुशासन युवाओं के लिए प्रेरणादायी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान, पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा।

मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई देते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में उनका साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की ये उपलब्धियां उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देशभर के युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित कर रहा है।

एकांकागुआ की 6961 मीटर ऊंची चोटी फतह

एनआईएम और जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान के संयुक्त अभियान के तहत अर्जेंटीना स्थित 6961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ का सफल आरोहण किया गया। अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से रवाना किया था।

एक ही अभियान में नुन-कुन की तीन चोटियों पर आरोहण

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त को 7077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया। इसके बाद 26 अगस्त को 5908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफलता हासिल की।

इस तरह दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं रखती हैं। ऐसे अभियान प्रदेश की साहसिक पर्यटन की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने के साथ युवाओं को नई दिशा देते हैं।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान, पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार समेत एनआईएम के अधिकारी और विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *