Thursday, July 23, 2026
Latest:
उत्तराखंड

गृह मंत्री अमित शाह का रुद्रपुर दौराः तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री धामी! चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी फोर्स, एडीजी ने की ब्रीफिंग

रूद्रपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रूद्रपुर में गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम पर जनपद ऊधमसिंह नगर में पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं रूद्रपुर पहुंचकर गृहमंत्री के कार्यक्रम स्थल स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैयारियों की जांच की। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने इवेंट मैनेजर व अधिकारियों को आज ही सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम प्रदेश के लिए अति महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी इंतजाम पुख्ता हो। उन्होंने कहा कि कल कार्यक्रम में गृहमंत्री भारत सरकार अमित शाह द्वारा शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जाएगा।

उत्तराखण्ड सरकार की ओर से दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान उद्योग समूहों के साथ हुए एमओयू अब जमीन पर उतर रहे हैं। इस आयोजन के बाद उत्तराखण्ड में अब तक एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इसी मौके को एतिहासिक बनाने के लिए, राज्य सरकार की ओर से शनिवार को रुद्रपुर में उत्तराखण्ड निवेश उत्सव आयोजित किया जा रहा है।

देश में पहली बार किसी राज्य सरकार द्वारा, निवेश के उपरांत इस तरह के आयोजन के जरिए निवेश की धरातलीय स्थिति जनता के सामने रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर में होने वाले इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे। जिसमें उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में नए स्थापित उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ ही अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान उद्योग समूहों के साथ जो भी निवेश संबंधित समझौते किए गए थे वो अब तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। इससे उत्तराखण्ड में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। हम उद्योग स्थापित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। मजबूत आधारभूत सुविधाएं, शांत वातावरण से उत्तराखण्ड निवेशकों की पसंद बनकर उभरा है।

निरीक्षण दौरान प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकाश शर्मा, दीपक बाली, राज्य मंत्री अनिल कपूर, फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, जिला महामंत्री अमित नारंग, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पांडेय, मंडलायुक्त  दीपक रावत, आई जी रिद्धिम अग्रवाल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरभ गहरवार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *