Thursday, July 23, 2026
Latest:
उत्तराखंड

ब्रज की फूलों की होली और गढ़वाल की लोकधुनों का संगम, कैंट विधानसभा में सजी रंगों की अनूठी महफिल

देहरादून: कैंट विधानसभा क्षेत्र के बल्लीवाला स्थित वैडिंग पॉइंट में भव्य होली मिलन समारोह उत्साह, भक्ति और लोक संस्कृति के रंगों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सपरिवार सहभागिता कर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

समारोह का शुभारंभ गढ़वाल के प्रसिद्ध लोकगीत “खोली के गणेश” की मंगलध्वनि के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को पारंपरिक और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद मनमोहक राधा-कृष्ण लीला की प्रस्तुति ने दर्शकों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। क्रमशः विष्णु अवतार लीला एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मंच को जीवंत बनाए रखा।
वृंदावन की प्रसिद्ध फूलों की होली की तर्ज पर पुष्प वर्षा के साथ होली खेली गई, जिससे पूरा परिसर रंग और उमंग से सराबोर हो गया। अंत में गढ़वाल की पारंपरिक ढोल-दमाऊं की थाप पर ‘मोल्यार गढ़वाल होलियारों की टीम’ ने ऐसा रंग जमाया कि पूरा पंडाल झूम उठा और लोक संस्कृति की जीवंत छटा ने कार्यक्रम को चरम उत्साह तक पहुँचा दिया।
कार्यक्रम में कैंट विधानसभा के एफआरआई, विजय पार्क, प्रेमनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिला कीर्तन मंडलियों ने गढ़वाली लोकगीतों की प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। विष्णु अवतार लीला एवं अग्निद्वीप नृत्य ने ब्रज की होली की झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और दिलों की दूरियां मिटाने का अवसर है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने वाला बताया।

कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि कैंट विधानसभा में इस प्रकार का सांस्कृतिक समागम क्षेत्र की एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि हमारी लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, और ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन गुरचरण कौशल ने किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, संयोजक अभिनव थापर, राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया, सूर्यकांत धस्माना, संजय शर्मा, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, चरनजीत कौशल, संगीता गुप्ता, पिया थापा, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मोहित मेहता, अमृता कौशल, मोहन काला, स्वाति नेगी, दिनेन्द्र जोशी सहित अनेक पार्षद, पूर्व पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष एवं कैंट विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़कर भागीदारी की और आयोजन को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *