सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक के लिए हरिद्वार में बनीं चार ‘ग्रीन चौकी
हरिद्वार : कांवड़ मेला-2026 को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने कांवड़ मार्ग पर चार ‘ग्रीन चौकी’ स्थापित की हैं। पुल जटवाड़ा, कांवड़ पटरी प्रेमनगर, ऋषिकुल और सीसीआर चौक पर संचालित इन चौकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ग्रीन चौकियों पर तैनात स्वयंसेवक प्लास्टिक पॉलीथिन या अन्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वाले श्रद्धालुओं से प्लास्टिक लेकर उसके बदले निःशुल्क कम्पोस्टेबल ग्रीन बैग वितरित कर रहे हैं। साथ ही उन्हें गंगा, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।नगर निगम का कहना है कि यह पहल केवल प्लास्टिक बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रीन चौकियों को पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य कांवड़ यात्रा को अधिक स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
अभियान से जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा गया है। कृष्णा नगर वार्ड के पार्षद परमिंदर सिंह गिल ने ग्रीन चौकी का निरीक्षण कर नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय प्रयास बताया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार सहित नगर निगम की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
नगर निगम को उम्मीद है कि यह पहल कांवड़ मेला-2026 के दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के साथ-साथ लाखों श्रद्धालुओं तक पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

