जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने एमटीबी चैलेंज के प्रतिभागियों और अधिकारियों को दिलाई मतदाता शपथ, लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का दिया संदेश
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्वपूर्ण योगदान होता है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
शपथ के दौरान सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों ने एकजुट होकर कहा कि वे भारत के नागरिक के रूप में लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे। साथ ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इस दौरान मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित सभी अधिकारियों एवं साइकिलिस्टों ने मतदाता जागरूकता संबंधी शपथ बैनर पर हस्ताक्षर कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।


