उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने आपदा मोचन निधि से विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹54 करोड़ से अधिक की दी वित्तीय स्वीकृति 

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं विकास कार्यों को गति देने के लिए आपदा मोचन निधि के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं के लिए लगभग ₹54 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, बाढ़ सुरक्षा कार्य, स्कूलों के पुनर्निर्माण, नहरों एवं सिंचाई गूलों के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के अंतर्गत बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाएं पार्श्व पर बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए ₹32.93 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹13.17 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है। साथ ही चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अधीन दुर्घटना संभावित स्थानों पर सड़क सुरक्षा कार्यों के लिए ₹2.91 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से प्रथम किश्त के रूप में ₹1.17 करोड़ जारी किए जाएंगे।

जनपद पिथौरागढ़ में ग्राम सीपू, गिदांग, बौना और फिलम में नदी किनारे सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए ₹96 लाख की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹57.33 लाख जारी होंगे। इसके अलावा पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जिले के प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए ₹49.12 लाख तथा धारचूला विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड मुनस्यारी अंतर्गत ग्राम धापा में सुरिंगघाट से घापा तक खंडजा मार्ग निर्माण के लिए ₹24.51 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि जारी करने की भी स्वीकृति दी है। इसके तहत जनपद देहरादून को ₹13 करोड़, बागेश्वर को ₹10 करोड़ तथा उत्तरकाशी को ₹11 करोड़, कुल ₹34 करोड़ की राशि विभिन्न मदों में प्रदान की जाएगी।

प्राकृतिक आपदा में जनपद उत्तरकाशी में मृत हुए 18 व्यक्तियों के विधिक आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹1 लाख प्रति परिवार की दर से अतिरिक्त राहत राशि देने के लिए कुल ₹18 लाख की स्वीकृति भी दी गई है।

इसके अतिरिक्त जनपद उधम सिंह नगर के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में ग्राम्य विकास विभाग से संबंधित घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए ₹1.95 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

देहरादून जनपद के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में कई प्राथमिक विद्यालयों के मरम्मत कार्य तथा जर्जर माध्यमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए ₹42.30 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसमें किद्रूवाला, तुनवाला-नालीवाला, अपर तुनवाला, नेहरूग्राम, धर्मपुर, ननूरखेड़ा, सौड़ा, सरस्वती विहार और रांझावाला ढांग के विद्यालय शामिल हैं। साथ ही राजीव गांधी नवोदय विद्यालय रायपुर की बिल्डिंग एवं छात्रावास की मरम्मत तथा ननूरखेड़ा स्थित विद्यालय के मरम्मत कार्य भी किए जाएंगे।

इसके अलावा जनपद अल्मोड़ा के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड ताकुला के ग्राम हडौली, डोटियालगांव, बसोली, भकुना और सुनौली में सिंचाई गूल के निर्माण के लिए ₹2.48 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹99 लाख जारी किए जाएंगे।

सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, सुरक्षा कार्यों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *