मुख्यमंत्री धामी ने 676 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को दी मंजूरी
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए 676 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत राशि से सोलर और एलईडी स्ट्रीट लाइट, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, उच्च शिक्षा, जिला पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों से जुड़ी योजनाओं को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में 200 सोलर लाइटों की स्थापना के लिए 35 लाख रुपये तथा नगर पंचायत चमियाला में सेंट्रल कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम (CCMS) और एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 3.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा देहरादून और पिथौरागढ़ नगर निगम क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट और सीसीएमएस पैनल लगाने के लिए 7.87 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है।
नैनीताल जिले की कृष्णापुर पेयजल योजना के लिए 2.13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं कुमाऊं मंडल में 33/11 केवी सब-स्टेशन और विद्युत लाइनों के निर्माण, यूजेवीएनएल की परियोजनाओं तथा केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत विद्युत अवसंरचना के विकास के लिए 237 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है।
उच्च शिक्षा को बढ़ावा देते हुए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में विज्ञान संकाय के पीजी भवन निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार सभी जिला पंचायतों को द्वितीय त्रैमासिक किश्त के रूप में 82.21 करोड़ रुपये तथा प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को 325.03 करोड़ रुपये जारी करने को भी मंजूरी दी है।
सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, स्थानीय निकायों को विकास कार्यों में गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर पेयजल, बिजली तथा शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

