Friday, June 5, 2026
Latest:
उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने की रुद्रप्रयाग में संचालित विकास कार्यों एवं चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक ,अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रुद्रप्रयाग : मंत्री, ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग, उत्तराखंड सरकार भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में जिला सभागार रुद्रप्रयाग में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ जनपद के विकास कार्यों एवं चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंत्री को पौधा भेंट कर स्वागत किया।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की प्रगति प्रस्तुत की।

लोक निर्माण विभाग द्वारा राज्य योजना के अंतर्गत संचालित सड़क डामरीकरण, सेतु निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान विधायक निधि से संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। मा० मंत्री ने त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग एवं कालीमठ सड़क मार्ग की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने के साथ ही जिन सड़कों को आवश्यकतानुसार पीएमजीएसवाई को हस्तांतरण अथवा टेकओवर करना है उनकी प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित प्रमुख पेयजल योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया। मा० मंत्री ने रौठिया-जवाड़ी फेस-2 पंपिंग योजना तथा तल्ला नागपुर फेस-2 योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सिंचाई विभाग द्वारा विभिन्न नहर निर्माण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। मंत्री ने नगरासू नहर, सारी नहर एवं लस्तर नहर सहित अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग द्वारा बताया गया कि पूर्व में कृषि घेरबाड़ योजना के अंतर्गत 40 गांवों को शामिल किया जाता था, जबकि इस वर्ष 44 नए गांवों को भी योजना में सम्मिलित किया गया है। मा० मंत्री ने जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को बांस उत्पादन के लिए अनुकूल बताते हुए इस दिशा में विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बांस रोपण के माध्यम से सड़कों के किनारे नेचुरल बैरियर विकसित करने के साथ-साथ इसके बहुउद्देशीय उपयोग से स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

उद्यान विभाग को फलदार पौधों के रोपण के बाद उनके संरक्षण एवं नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मान्यता से संबंधित लंबित प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। माननीय मंत्री ने कहा कि जिन विद्यालयों द्वारा सभी निर्धारित मानकों की पूर्ति कर ली गई है, उनके मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने जनपद के विभिन्न विद्यालयों से शीर्ष अंक प्राप्त करने वाले 100 विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि राज्य सरकार द्वारा उन्हें टैबलेट वितरित किए जा सकें। इन टैबलेट्स में आईआईटी-जेईई, एनडीए, नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री एवं पाठ्यक्रम पूर्व स्थापित किए जाएंगे। बैठक में ई-लर्निंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक उपकरणों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता और आवश्यकता के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।

पशुपालन विभाग द्वारा निर्माणाधीन पशु चिकित्सालयों एवं डिस्पेंसरी की स्थिति की जानकारी दी गई। मंत्री ने बकरी पालन, भेड़ पालन, गोपालन तथा गोट वैली योजना के लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही इन गतिविधियों को लखपति दीदी योजना से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए दुग्ध समितियों के गठन तथा विभिन्न क्षेत्रों में कलेक्शन प्वाइंट विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सरकार इन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विकास हेतु भी सहयोग प्रदान करेगी।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए परिवहन विभाग को बॉटलनेक प्वाइंट्स पर पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक फोर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।

उन्होंने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए सभी विभागों को संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी रखने, राहत एवं बचाव संसाधनों को सक्रिय रखने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूर्व से ही सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई है तथा अधिकांश योजनाओं पर कार्य प्रगति संतोष जनक है। सभी अधिकारियों को विकास कार्यों में और अधिक तेजी लाने तथा समयबद्ध ढंग से योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर, उप वन संरक्षक रुद्रप्रयाग रजत सुमन, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी उखीमठ अनिल रावत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता लो.नि.वी ऊखीमठ आर.के नैथानी, अधिशासी अभियंता लो.नि.वी रुद्रप्रयाग इंद्रजीत बोस, अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *