उत्तराखंड

बड़ी खबर: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पद से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली : छात्रों के प्रदर्शन के बीच दिल्ली से बड़ी खबर आई है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को पद से इस्तीफा दे दिया. नीट परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर दिल्ली समेत देशभर में प्रदर्शन कर रहे छात्र धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे.

धर्मेंद्र प्रधान ने युवाओं को संबोधित करते हुए लिखे पत्र में अपने इस्तीफे की घोषणा की. उन्होंने लिखा, “…यह सुनिश्चित करने के लिए कि जंतर-मंतर और देश भर की स्थिति का फायदा देश-विरोधी तत्व न उठा सकें, देश एकजुट रहे, और भारत के छात्र कानूनी मुश्किलों में न फंसें बल्कि अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान दें, मैंने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है…”

प्रधान ने लिखा, “मेरे युवा साथियों, मैं पिछले चार दशक से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं. मेरा हमेशा यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है. मैं देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता हूं. भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक और सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है. प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ उसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी का आभार प्रकट करता हूं.”

उन्होंने आगे लिखा, “चूंकि 3 मई 2026 को हुई NEET-UG की परीक्षा में अनियमितता पाई गई. भारत सरकार ने इसको तुरंत संज्ञान में लेते हुए जांच सीबीआई को सौंपी और परीक्षा को रद्द किया. साथ ही पुनः परीक्षा की तिथि घोषित की गई. इसके साथ ही अगले वर्ष से इस परीक्षा को सीबीटी (Computer-based-test) मोड में करने का निर्णय लिया गया.”

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, “धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है. यह इस बात का सबूत है कि अगर आप डरते नहीं हैं और इस सरकार के सामने झुकते नहीं हैं, तो आप किसी से भी इस्तीफा ले सकते हैं. लोकतंत्र में डरें नहीं.”

कॉकरोच जनता पार्टी ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया है.

प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कुछ दिनों से जारी छात्रों का प्रदर्शन अब खत्म होने की उम्मीद है.

इससे पहले, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में अपने आवास पर छात्रों से मुलाकात की थी. बाद में उन्होंने कहा था कि छात्रों की मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाए. इसके बगैर कोई समझौता नहीं होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *