पूर्णागिरि धाम को हेली सेवा से जोड़ने की पहल तेज, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
चम्पावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर जनपद चम्पावत में स्थित प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम को हेली सेवा से जोड़ने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके तहत चुका क्षेत्र में लधिया नदी के किनारे एक आधुनिक हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एम.सी. पलाड़िया के अनुसार, लगभग 1.88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस हेलीपैड में एक साथ तीन हेलीकॉप्टर उतरने की सुविधा होगी। यह परियोजना न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी अहम साबित होगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने बताया कि हेलीपैड के निर्माण से पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को तेज और सुगम यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
नेपाल सीमा और एनएचपीसी क्षेत्र के निकट स्थित इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को भी इस परियोजना से मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही, मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के तहत चुका क्षेत्र को वेडिंग डेस्टिनेशन और पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में चल रहे प्रयासों को भी इससे गति मिलेगी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य अप्रैल माह से शुरू हो चुका है और अब तक लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। विभाग ने इस परियोजना को सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

