उत्तराखंड

उत्तराखंड में ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ के मूल मंत्र पर काम करें भाजपा कार्यकर्ता : राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ

देहरादून : भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कार्यकर्ताओं से “बूथ जीता, चुनाव जीता” के मूलमंत्र पर काम करते हुए चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।

देहरादून के कुआंवाला स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि देशभर की तरह उत्तराखंड में भी पार्टी का प्रशिक्षण अभियान जारी है और इसमें सबसे अधिक जोर बूथ स्तर की क्षमता को मजबूत करने पर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं का एक ही मूल मंत्र होना चाहिए—“बूथ जीता, चुनाव जीता”। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और चुनावी दृष्टि से सक्रिय बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है और उत्तराखंड में जल्द ही शत-प्रतिशत बीएलए-2 भी नियुक्त कर दिए जाएंगे।प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री धामी के चार वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वे आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का निर्माण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता का विश्वास जीतते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप “उत्तराखंड का दशक” बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में राज्य ने आपदा जैसी चुनौतियों से भी प्रभावी ढंग से निपटते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता भाजपा की राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक विचारधारा के साथ है तथा केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कार्यों पर उसे पूरा भरोसा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल कभी आपातकाल लगाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के दोषी रहे हैं, वही आज संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का बड़ा महत्व होता है और इसके लिए संगठन निर्माण से लेकर चुनावी रणनीति तक कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी।

बैठक में प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने संगठन की गतिविधियों और कार्ययोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला अध्यक्षों को जल्द ही संगठनात्मक ढांचे को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत , पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट सहित कई मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *