कौशल के दम पर वैश्विक पहचान बना रहे उत्तराखंड के युवा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभा, कौशल और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। जरूरत है उन्हें उचित प्रशिक्षण, अवसर और मंच उपलब्ध कराने की। प्रदेश के युवा अवसर मिलने पर दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।
मुख्यमंत्री आईआरडीटी सभागार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को सम्मानित किया। सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण लेकर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। इसके अलावा अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 में प्रदेश के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन के शंघाई में सितंबर 2026 में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने छह सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए। भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसमें उत्तराखंड की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने दोनों युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू करने के साथ नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। युवाओं के स्टार्टअप और नए उद्यमों को प्रोत्साहन देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से भी युवाओं को सहायता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए आईटीआई को आधुनिक बनाया जा रहा है। कौशल विकास, खेल, स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश के 100 से अधिक युवा विदेशों में भी अपनी सेवाएं देकर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। राज्य गठन के बाद से अब तक करीब 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं, जिनमें पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ सरकारी सेवाओं में भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने के लिए युवा आयोग के गठन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उत्तराखंड के युवा भी अपने कौशल, नवाचार और प्रतिभा के दम पर इस संकल्प को पूरा करने में योगदान देंगे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, खजान दास, सचिव सी. रविशंकर सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


