सहकारिता के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे उत्तराखंड और हरियाणा
देहरादून/चंडीगढ़ : उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के मुख्यालय का दौरा कर बैंक की कार्यप्रणाली, डिजिटल सेवाओं और किसानों, महिलाओं व युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सहकारिता क्षेत्र में अनुभव और नवाचार साझा करने पर सहमति बनी।
डॉ. रावत ने कहा कि हरियाणा ने सहकारी बैंकिंग में पारदर्शिता, डिजिटल सेवाओं और जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किया है। उत्तराखंड इन नवाचारों का अध्ययन कर उन्हें राज्य में लागू करने का प्रयास करेगा, जिससे सहकारिता आंदोलन को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने उत्तराखंड सरकार की दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और कृषि क्षेत्र को लाभ मिला है।दौरे के दौरान डॉ. रावत ने हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल को बधाई दी। वहीं, भारत भूषण जुयाल ने उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र में हुए नवाचारों, शून्य प्रतिशत ब्याज ऋण योजना, सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल पहलों की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों की चर्चा अन्य राज्यों में भी हो रही है।
बैठक में बैंक अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग और किसान हितैषी योजनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। इस अवसर पर बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रफुल्ल रंजन, महाप्रबंधक उर्वशी गुप्ता, उप महाप्रबंधक सुधा शर्मा, प्रबंधक जसपाल पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

