Friday, October 16, 2026
Latest:
उत्तराखंड

देहरादून में आढ़त बाजार के व्यापारियों को जल्द मिलेंगी दुकानें, मंत्री खजान दास ने अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून : समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने आढ़त बाजार विस्थापन और इंदिरा मार्केट पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए एमडीडीए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर हुई बैठक में उन्होंने व्यापारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप निर्माण कार्य समय से पूरा करने और लंबित समझौता ज्ञापनों की प्रक्रिया पूरी करने को कहा।

मंत्री ने वर्ष 2013 की शर्तों के अनुरूप शेष व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आढ़त बाजार शिफ्टिंग के दौरान रजिस्ट्री आदि कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द रजिस्ट्री पूरी कराने को कहा, ताकि सड़क निर्माण से जुड़े कार्य भी समय पर पूरे हो सकें।

गौरतलब है कि सरकार ने सहारनपुर चौक से लगे आढ़त बाजार में जाम की समस्या के समाधान के लिए बाजार के चौड़ीकरण को मंजूरी दी है। इसके तहत प्रभावित व्यापारियों को आईएसबीटी के पास स्थानांतरित किया जाना है।
बैठक में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय में जल्द अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों के सौंदर्यीकरण और संबंधित विकास कार्य भी कराए जाएंगे।

बैठक में इंदिरा मार्केट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार गुरभेज सिंह, सचिव जगदीश प्रसाद सहित सोसाइटी के पदाधिकारी और एमडीडीए के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *