उत्तराखंड

सहकारिता सप्ताह-2026 के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचेगा सहकारिता का संदेश

देहरादून : केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के सभी जनपदों और विकासखंडों में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को इसकी उपयोगिता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम “सहकार से समृद्धि, देवभूमि की प्रगति” रखी गई है।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारिता सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का सफल और प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए किसानों, महिलाओं, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके साथ ही प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स), जिला सहकारी बैंकों और अन्य सहकारी संस्थाओं के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

डॉ. रावत ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों के दौरान सहकारी चौपाल, जन-जागरूकता शिविर, कृषि, उद्यान, दुग्ध एवं मत्स्य पालन से जुड़ी कार्यशालाएं तथा महिला एवं युवा सहकारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सहकारी संस्थाओं के डिजिटलीकरण, ई-पैक्स व्यवस्था, सामाजिक सहभागिता और हरित एवं सतत कृषि को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं है, बल्कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की मजबूत आधारशिला भी है। इसलिए सभी जिलों और विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सहकारी संस्थाओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

सहकारिता सप्ताह की शुरुआत 29 जून को राज्य स्तरीय उद्घाटन समारोह और सहकारिता संकल्प के साथ होगी। इसके बाद विभिन्न दिनों में सहकारी चौपाल, जागरूकता शिविर, कृषि एवं डेयरी कार्यशालाएं, महिला और युवा सम्मेलन, पैक्स की वार्षिक आम बैठक, हरेला महोत्सव के तहत वृक्षारोपण अभियान तथा सोशल मीडिया जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समापन 6 जुलाई को सहकारिता मंत्रालय स्थापना दिवस, राष्ट्रीय सहकारी महोत्सव और उत्कृष्ट सहकारी संस्थाओं एवं व्यक्तियों के सम्मान समारोह के साथ होगा।

बैठक में संयुक्त निबंधक एम.पी. त्रिपाठी, रमेन्द्री मंद्रवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी जनपदों के सहायक निबंधक और महाप्रबंधक वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *