कोटद्वार मेंचीनी की कालाबाजारी की आशंका, सात दुकानों का किया निरीक्षण
कोटद्वार : चीनी के लगातार बढ़ रहे दामों को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने दुगड्डा में राशन की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सात दुकानों में चीनी के स्टॉक और बिक्री दर की जांच की गई। निरीक्षण की रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी पौड़ी को भेज दी गई है। दुगड्डा में चीनी का खुदरा भाव बढ़कर 61 से 64 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
नगर क्षेत्र में चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए पूर्ति विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी केसी बौंठियाल ने बताया कि दुगड्डा में सात राशन की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में प्रत्येक सामग्री की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से खाद्य सामग्री के दाम और स्टॉक पर नजर रखी जा रही है।

