उत्तराखंड

सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्वांकी ने गांधी शताब्दी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, दिव्यांगजनों को योजनाओं का सुगम लाभ देने के कड़े निर्देश

देहरादून : सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्वांकी ने गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय स्थित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने दिव्यांगजनों के पंजीकरण, मूल्यांकन, परामर्श, पुनर्वास सेवाओं और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में रखे अभिलेखों और विभिन्न गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं और पुनर्वास सेवाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुगम लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच बढ़ाई जाए।

उन्होंने डीडीआरसी की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं दिव्यांगजन हितैषी बनाने पर जोर दिया। साथ ही उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए दिव्यांगजनों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, एसीएमओ डॉ. चौहान, जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र के कार्मिक तथा गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *