उत्तराखंड

उत्तराखंड में SIR अभियान: आवासीय सोसायटी और मुहल्लों में लगेंगे विशेष कैंप,फील्ड विजिट के दौरान आईडी कार्ड पहनकर ही जाएंगे BLO

देहरादून : आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर राज्य में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर. सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारियों, ईआरओ और एईआरओ के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवार तैयारियों और प्रशिक्षण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जिलों में बूथ लेवल एजेंट (BLA) की तैनाती अभी शत-प्रतिशत नहीं हुई है, वहां जिलाधिकारी तत्काल राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर नियुक्ति सुनिश्चित करें। साथ ही जहां बीएलए तैनात हो चुके हैं, वहां उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाए।

डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि बड़े आवासीय क्षेत्रों और सोसायटियों में मतदाता पुनरीक्षण को प्रभावी बनाने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) जब घर-घर जाकर सत्यापन कार्य करें, तो वे अनिवार्य रूप से निर्वाचन आयोग का आईडी कार्ड पहनकर ही फील्ड में जाएं, जिससे पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
बैठक में SIR से जुड़े प्रशिक्षण मॉड्यूल का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। साथ ही गणना प्रपत्रों की छपाई, लॉजिस्टिक्स और वितरण योजना को लेकर भी जिलों से फीडबैक लिया गया।

इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के अधिकारी वर्चुअल रूप से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *