उत्तराखंड

सचिव मुख्यमंत्री डॉ. एस.एन. पाण्डे ने राजस्व विभाग की ली समीक्षा बैठक, विभागीय कार्यों की प्रगति का लिया विस्तृत जायजा 

पिथौरागढ़ : विगत देर सायं सचिव मुख्यमंत्री डॉ. एस.एन. पाण्डे ने जनपद भ्रमण के दौरान जिला सभागार, पिथौरागढ़ में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों, नामांतरण, विरासत, सीमांकन, भूमि अभिलेखों के अद्यतनकरण, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तथा जनशिकायतों के निस्तारण की गहन समीक्षा की।

इससे सचिव मुख्यमंत्री डॉ. एस.एन. पाण्डे ने कलेक्ट्रेट परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में जाकर पटल सहायकों एवं संबंधित कर्मचारियों से कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों तथा अभिलेखों के रख-रखाव की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन तथा जनसामान्य से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को त्वरित एवं सरल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन एवं बेहतर कार्य संस्कृति बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई द्वारा सचिव मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें जनपद की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान से जुड़े नारायण आश्रम का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

समीक्षा के दौरान डॉ. पाण्डे ने कहा कि राजस्व विभाग आमजन से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है, इसलिए राजस्व मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने, भूमि संबंधी विवादों के प्रभावी समाधान तथा राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि की नियमित निगरानी की जाए तथा अतिक्रमण के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सचिव मुख्यमंत्री ने आपदा संभावित क्षेत्रों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।

 

उन्होंने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर प्राप्त राजस्व संबंधी शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *