उत्तराखंड

जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, मानसून के दौरान सभी विभाग अलर्ट मोड पर : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा

रुद्रप्रयाग : जनपद में हो रही वर्षा एवं नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि मानसून अवधि के दौरान जनपद की सभी प्रमुख नदियों, गाड़-गदेरों के जलस्तर तथा वर्षा की मात्रा की प्रतिदिन नियमित रिकॉर्डिंग एवं सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों का लगातार आकलन कर समय-समय पर आमजन को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं चेतावनी जारी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से लोगों को लगातार जागरूक एवं सतर्क किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर अनाउंसमेंट के माध्यम से नदी किनारे रहने वाले लोगों तथा आसपास के क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है। जिन स्थानों पर आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां नदी तटों के समीप रहने वाले लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर भी स्थानांतरित किया जा रहा है।

उन्होंने जनपदवासियों एवं यात्रियों से अपील की कि मानसून अवधि के दौरान किसी भी नदी, नाले अथवा गाड़-गदेरों के किनारे किसी भी प्रकार का स्थायी अथवा अस्थायी आवास स्थापित न करें और न ही किसी प्रकार की गतिविधियां संचालित करें। मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी तटों की ओर जाने से भी बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी एवं सुरक्षा निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिला आपदा परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग 24×7 संचालित है तथा किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात सूचना प्राप्त होने पर संबंधित विभागों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित कर मौके पर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर त्वरित रेस्क्यू अभियान भी संचालित किए जाते हैं, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित नदियों एवं जलधाराओं के आसपास कार्य कर रहे सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जलस्तर एवं संभावित जोखिम की निरंतर निगरानी बनाए रखें। यदि किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति, खतरे अथवा आपदा की संभावना संज्ञान में आती है तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने पुनः सभी नागरिकों से अपील की कि मानसून के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा सूचना के लिए तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार एवं प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *