उत्तराखंड

पिटकुल को कॉरपोरेट श्रेणी में 5वां सबसे बड़ा टैक्सपेयर पुरस्कार

देहरादून : पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) को आयकर विभाग, उत्तराखंड की ओर से कॉरपोरेट श्रेणी में 5th Highest Taxpayer (Corporate) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं पिटकुल की 107वीं निदेशक मंडल बैठक में वर्ष 2025-26 के वार्षिक खातों को मंजूरी दी गई, जिसमें निगम ने ₹267 करोड़ का लाभ अर्जित किया।

पिटकुल मुख्यालय विद्युत भवन में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक (वित्त) मनोज कुमार ने बताया कि निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में ₹54 करोड़ का आयकर जमा किया, जिसके आधार पर पहली बार कॉरपोरेट श्रेणी में प्रदेश का पांचवां सबसे बड़ा आयकरदाता बनने का गौरव हासिल हुआ।

बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव एवं पिटकुल के अध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने पिटकुल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी के नेतृत्व और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निगम समयबद्ध ढंग से परियोजनाएं पूरी कर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में ₹121 करोड़ के मुकाबले वर्ष 2025-26 में पिटकुल का लाभ बढ़कर ₹267 करोड़ हो गया है। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव (ऊर्जा) आर. मीनाक्षी सुन्दरम के मार्गदर्शन और पिटकुल के सभी कर्मचारियों को दिया।

उन्होंने कर्मचारियों से ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का आह्वान करते हुए अगले वर्ष देश के शीर्ष आयकरदाताओं में प्रथम या द्वितीय स्थान हासिल करने का लक्ष्य रखा। साथ ही सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और मानसून अवधि में बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *