उत्तराखंड

साढ़े 6 लाख से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त रोडवेज यात्रा का लाभ, महिला स्वरोजगार ऋण सीमा बढ़कर 2.50 लाख रुपये

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा देने की घोषणा का लाभ प्रदेश की साढ़े 6 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा। सरकार का कहना है कि इस पहल से विशेष रूप से पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों की बुजुर्ग महिलाओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर 60 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की थी। इसके तहत पात्र महिलाओं को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में यात्रा के दौरान कोई किराया नहीं देना होगा।

महिलाओं के सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत देहरादून में 10 पिंक ई-बसें महिलाओं को समर्पित करने की भी घोषणा की है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से इस सुविधा का विस्तार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में किया जाएगा।

लखपति दीदी के बाद महिलाओं को उद्यमी बनाने पर जोर
प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना संचालित कर रही है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 3 लाख से अधिक महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक हो चुकी है। अब सरकार महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
मुख्यमंत्री ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की है। इससे महिलाएं नया व्यवसाय शुरू करने के साथ ही अपने मौजूदा स्वरोजगार का विस्तार करने के लिए अधिक पूंजी जुटा सकेंगी।
सरकार एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से भी उन महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दे रही है, जो अकेले अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

सुरक्षा, सुविधा और सम्मान पर भी फोकस

प्रदेश सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण की सुविधा दी है, जिससे सरकारी सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। अब महिला सशक्तिकरण के साथ उनकी सुरक्षा, सुविधा और गरिमा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक और हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की घोषणा की है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने हमेशा प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार हर आयु वर्ग की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा और पिंक ई-बस सेवा से महिलाएं सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *