मुख्यमंत्री धामी ने विश्व मात्स्यिकी दिवस पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का किया संचयन
हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण और जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा आस्था और संस्कृति का प्रतीक होने के साथ ही समृद्ध जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के लिए सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


