Wednesday, September 9, 2026
Latest:
उत्तराखंड

मसूरी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

मसूरी : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा टाउन हॉल में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत योग की जन्मभूमि है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन मिला, जिसके परिणामस्वरूप आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में योगाचार्य कोमल सेमवाल ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, सभासद रणवीर कंडारी, पवन थलवाल, अनीता सक्सेना, गुडमोहन राणा, विजय रमोला, आईटीबीपी के जवान, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल, धन प्रकाश, मनमोहन कर्णवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे ।कार्यक्रम का समापन स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए नियमित योग अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *