Tuesday, September 8, 2026
Latest:
उत्तराखंड

हरियाणा में हार पर बोलीं कुमारी सैलजा , पार्टी में संगठन की कमी भी अहम वजह, हार की करेंगे समीक्षा 

हरियाणा : सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में कांग्रेस की हारा पर कहा है कि इसकी एक अहम वजह पार्टी का प्रदेश, जिला व ब्लॉक स्तर पर संगठन का न होना भी रहा। मुझे मलाल है कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए संगठन नहीं बना सकी। आलाकमान प्रदेश में हार की समीक्षा कर रहा है। अब केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना है। सैलजा एक दिन पहले रोहतक में एक प्रार्थना सभा में पहुंची थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी सभा में पहुंचे थे। इस दाैरान कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में हार की समीक्षा की जा रही है। लोगों से बातचीत कर फीडबैक लिया जा रहा है। उनको भी इनपुट मिल रहे हैं, जिन्हें आलाकमान के सामने रखा जाएगा। जहां तक ईवीएम का सवाल है, पार्टी ने चुनाव आयोग के सामने मामले को रखा है। आयोग के जवाब का इंतजार किया जा रहा है।

पूर्व सीएम हुड्डा पर केंद्रीय नेतृत्व लेगा फैसला

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ उठ रही आवाज के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि यह विषय आलाकमान का है। केंद्रीय नेतृत्व को ही इस संबंध में निर्णय लेना है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जो निर्णय लेगा, उसे माना जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हार की एक वजह पार्टी का संगठन न होना भी रहा। प्रदेश के अलावा, जिला व ब्लॉक स्तर पर संगठन होना चाहिए था। इससे कार्यकर्ताओं को पहचान मिलती है। उनको इस बात का मलाल रहेगा कि वे प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए संगठन नहीं बना सकी। उनके बाद भी संगठन नहीं खड़ा किया जा सका। विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों को संगठन की कमी खली।

चुनाव प्रचार के दौरान व्यक्तिगत टिप्पणी के सवाल पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि वे खुद कुछ नहीं कहना चाहती, लेकिन समाज व आम लोग तो सब देखते हैं। विपक्ष में रहते हुए पांच साल सड़क से लेकर विधानसभा व संसद तक लोगों की आवाज उठाएंगी। भाजपा की गलत नीतियों का विरोध किया जाएगा। भाजपा सरकार को बहुमत मिला है, पार्टी को आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। चाहे परिवार पहचान पत्र का मुद्दा हो या दूसरी समस्याएं। भाजपा को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे लोगों को समस्याओं से राहत मिल सके।

विज व इंद्रजीत को लेकर बोली, भाजपा में भी कुछ ठीक नहीं लग रहा

भाजपा नेता अनिल विज व राव इंद्रजीत की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा में भी कुछ ठीक नहीं लग रहा है, लेकिन वे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहेंगी। यह उनका अंदरुनी मामला है। विधानसभा चुनाव में जाट-नॉन जाट के मुद्दे पर कुमारी सैलजा बोली, कांग्रेस 36 बिरादरी की पार्टी है। समाज में कई बार ऐसी बातें उभर जाती हैं। कुछ लोग ऐसी बयानबाजी करते हैं, लेकिन राजनीति में ऐसा नहीं होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *