नरेन्द्रनगर में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की पहल, अगले सत्र से शुरू होंगे दो बीटेक पाठ्यक्रम, कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने किया पॉलीटेक्निक संस्थान का निरीक्षण
देहरादून : वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने नरेंद्रनगर में इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने राजकीय पॉलीटेक्निक नरेंद्रनगर का निरीक्षण कर उपलब्ध भवन, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। विश्वविद्यालय की योजना आगामी शैक्षणिक सत्र से यहां दो बीटेक पाठ्यक्रम शुरू करने की है।
प्रस्तावित योजना के तहत बीटेक कंप्यूटर साइंस की 60 और बीटेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की 30 सीटें निर्धारित करने का प्रस्ताव है। इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए राजकीय पॉलीटेक्निक नरेंद्रनगर की ओर से विश्वविद्यालय को दो प्रयोगशालाएं और पांच कक्षाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से इंजीनियरिंग कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने के लिए तैयारियां प्राथमिकता से की जा रही हैं। कॉलेज के सुचारु संचालन के लिए जल्द ही निदेशक की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू होगी।
उन्होंने कहा कि कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के अवसर मिलने से नरेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ होगा। यह पहल प्रदेश में तकनीकी शिक्षा का विस्तार करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी, टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोपावर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. शरद कुमार प्रधान, प्रशासनिक अधिकारी दीपक सुंद्रियाल और राजकीय पॉलीटेक्निक नरेंद्रनगर के प्रधानाचार्य ओंकार शर्मा मौजूद रहे।


