उत्तराखंड

हल्द्वानी सामूहिक दुष्कर्म मामला: हरक सिंह रावत ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

देहरादून : हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की ओर से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजपुर रोड में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने घटना को बेहद गंभीर और शर्मनाक बताते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग की।

डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि पुलिस ने मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें धीरज बिष्ट भी शामिल है, जिसने एबीवीपी प्रत्याशी के रूप में एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। अन्य आरोपियों के नाम नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि घटना कटघरिया क्षेत्र स्थित होटल त्रिशूल से जुड़ी बताई जा रही है। ऐसे में होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि नाबालिगों को बिना पहचान पत्र और उचित सत्यापन के होटल में कमरा कैसे उपलब्ध कराया गया। केवल आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक या छात्र संगठन से जुड़े व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए।

डॉ. रावत ने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा, कानूनी सहायता और मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ ही उसकी पहचान और निजता सुरक्षित रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों को कठोरतम कानूनी सजा मिलनी चाहिए तथा प्रदेशभर के होटल और गेस्ट हाउस में पहचान सत्यापन के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि उनका सवाल किसी एक संगठन या विचारधारा से नहीं, बल्कि उस मानसिकता और व्यवस्था से है, जिसमें अपराध करने वालों को कानून का भय नहीं रह गया है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। केवल जीरो टॉलरेंस के बयान देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि इसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिला अपराधों सहित अन्य आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी तय होती नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल जाने वाली छात्राएं भी घर से निकलते समय असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सरकार को महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
पत्रकार वार्ता में एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु रावत, डीबीएस पीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष हर्ष राणा और डीएवी पीजी कॉलेज के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रियांशु धामी सहित कई छात्र नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *