Saturday, July 25, 2026
Latest:
उत्तराखंड

सीमांत नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज, देशभर से पहुंचे 933 एथलीट

चमोली : उत्तराखंड की सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के काबीना मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

मंत्री ने कहा कि सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और सीमा से लगे गांवों को मजबूती मिलेगी।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जा रहा है। पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी के बीच 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता में 117 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जबकि मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।

इससे पूर्व शनिवार रात्रि मलारी गांव में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, गृह सचिव शैलेश बगोली, सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेना एवं आईटीबीपी के जवान, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *