भगवानपुर में पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़, कुख्यात गो तस्कर छोटू के पैर में लगी गोली
हरिद्वार : भगवानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान कुख्यात गो तस्कर छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस टीम उसे उपचार के लिए रुड़की अस्पताल ले गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी छोटू सिकरोड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। बताया गया है कि वह अपने साथी कालू के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पुलिस को इसकी भनक लग गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया। वहीं, मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस फरार साथी कालू की तलाश में जुटी हुई है। मामले में विस्तृत जानकारी पुलिस की ओर से मिलने का इंतजार है।


