Thursday, September 10, 2026
Latest:
उत्तराखंड

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने ली जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, दिए कड़े निर्देश सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं 

पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।

बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों, जागरूकता अभियानों, दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार तथा यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर वहां तत्काल आवश्यक सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करें तथा सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की ग्रामीण एवं मुख्य सड़कों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार क्रैश बैरियर, पैराफिट, साइन बोर्ड, डेलिनेटर, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्तापूर्ण सामग्री एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क किनारे सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की भी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शिवांश काण्डपाल ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन, विद्यार्थियों एवं वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।

उन्होंने बताया कि जनपद में स्कूल बसों की विशेष चेकिंग एवं सुरक्षा ऑडिट भी किया गया, जिसमें वाहनों की फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों तथा निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुपालन की जांच की गई। इसके अतिरिक्त रेडियो के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा नगर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा से संबंधित पेंटिंग एवं चिन्हांकन कार्य भी कराया गया।

 

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। संबंधित विभागों द्वारा इन स्थलों पर पैराफिट, साइन बोर्ड, डेलिनेटर सहित अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं स्थापित की गई हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन स्थलों की निरंतर निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन के रूप में लेते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग जीवन सिंह ह्यांकि, पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शिवांश काण्डपाल सहित परिवहन, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *