देहरादून में नंदा की चौकी का 16 करोड़ का पुल 16 दिन में ध्वस्त, पहली बारिश में दिखी खामी, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
देहरादून : राजधानी देहरादून को विकासनगर और हिमाचल प्रदेश से जोड़ने वाले नंदा की चौकी के नवनिर्मित पुल के पहली ही तेज बारिश में ध्वस्त हो जाने से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

देर रात से हो रही भारी बारिश के बीच सौंग नदी में आए तेज बहाव के कारण पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया।

पुल के ध्वस्त होने से देहरादून-विकासनगर मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कर्मचारी और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। पुल टूटने के बाद लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे परेशानी बढ़ गई है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सरकार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि हाल ही में तैयार हुआ पुल पहली ही बारिश का दबाव नहीं झेल सका, जिससे निर्माण कार्यों में लापरवाही की आशंका बलवती हो गई है।
पुल के ध्वस्त होने की घटना से सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अब लोगों की मांग है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

