उत्तराखंडराजनीति

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस ने कसी कमर, तैयारियां परखने देहरादून पहुंचीं कुमारी सैलजा

देहरादून : आगामी 4 और 5 जून को होने वाले राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा उत्तराखंड पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद कुमारी शैलजा, गणेश गोदियाल और अन्य नेताओं ने राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे हैं, इसी उद्देश्य से उन्होंने चुनाव से काफी पहले उत्तराखंड के लिए दो दिन का समय निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे तथा पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। वहीं 5 जून को देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस अवसर का लाभ उठाकर जनता के बीच सक्रियता बढ़ानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अल्मोड़ा की जनसभा में राज्य के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उनके अनुसार प्रदेश में बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और जनहित के अन्य मुद्दों की लगातार उपेक्षा हो रही है, जिन्हें कांग्रेस जनता के सामने मजबूती से उठाएगी। कुमारी शैलजा ने कहा कि पौड़ी में राहुल गांधी पूर्व सैनिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा पूर्व सैनिकों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है तथा उनका यह संवाद कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी ताकत के साथ जुटना चाहिए।

बैठक को डॉ. हरक सिंह रावत और प्रीतम सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *