मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह में किया प्रतिभाग, बुजुर्गों को बताया समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठजनों को सम्मानित करते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी सभ्य समाज की पहचान उसके बुजुर्गों के सम्मान से होती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है और उनका आशीर्वाद सामाजिक संरचना को मजबूत बनाए रखता है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस परिवार और समाज में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भागीदारी की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है और जीवन में ऊर्जा व उत्साह हमेशा बनाए रखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना जैसी पहलें वरिष्ठजनों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी इस दिशा में सक्रिय है और वर्तमान में लगभग 6 लाख वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में वृद्धाश्रमों के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए भवनों का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा रुद्रपुर में एक आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम भी तैयार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि अटल वयोअभ्युदय योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, राज्य में पहली बार जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे इस क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं और निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी भी कराई जा रही है। इस वर्ष 1300 वरिष्ठ नागरिकों की मुफ्त सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे बुजुर्गों को उनके अधिकारों की कानूनी सुरक्षा मिल रही है।अंत में मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमामय जीवन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

