Saturday, September 26, 2026
Latest:
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने हल्दीघेरा में किया 108.84 करोड़ की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास, गौशाला के विस्तार की घोषणा

खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्दीघेरा में 7.23 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 108.84 करोड़ रुपये की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें 34.44 करोड़ रुपये की लागत से राज्य मार्ग-70 के सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग तक 13.60 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण का कार्य भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा गौशाला के भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे अधिक से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय मिल सकेगा। सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिलने से उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित होगी और किसानों व स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। साथ ही गोवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौ संरक्षण केवल परंपरा नहीं, बल्कि कर्तव्य और जिम्मेदारी भी है। देवभूमि उत्तराखंड में सदियों से गौ संरक्षण और गौ सेवा की परंपरा रही है। राज्य सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय दिया जा रहा है। ग्राम्य गौ सेवक योजना को पायलट परियोजना के रूप में शुरू किया गया है। शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि भी चिन्हित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ संरक्षण के साथ गोवंश को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। बद्री गाय के शुद्ध घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष विकास केंद्र स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ पशुधन के संवर्धन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के साथ सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा सहित पूरे ऊधमसिंह नगर जिले में सड़क, पुल, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *