उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने 9.13 करोड़ की नौ विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, नौ साल बाद सिटी बस सेवा शुरू

श्रीनगर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने सड़कों पर उमड़कर उनका स्वागत किया। श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी 9.13 करोड़ रुपये की नौ योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में करीब नौ साल बाद सिटी बस सेवा का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 2,01,530 रुपये के चेक प्रदान किए। इसके अलावा 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित की गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर में नौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय विकास को नई गति देगा। नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क, सड़क और नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क, पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को विकास की नई दिशा दे रही हैं। चारधामों को ऑल वेदर सड़क से जोड़ा गया है और श्रीनगर इस मार्ग का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम भी तेजी से चल रहा है और श्रीनगर में इसका स्टेशन बनने से क्षेत्र के लोगों को रेल सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।

नौ साल बाद दौड़ी सिटी बस

मुख्यमंत्री ने श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए करीब नौ साल बाद नगर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिटी बस सेवा शुरू होने से शहर के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने के साथ शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इसे स्वच्छ और हरित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। उनका संकल्प एक ऐसे सशक्त राष्ट्र का निर्माण करना था, जिसमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हो।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पौड़ी जिले में विभिन्न विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों और कारोबारियों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विद्यार्थियों के साथ उनका आत्मीय संवाद भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री प्रोटोकॉल से हटकर वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने विद्यार्थियों का हालचाल जाना और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *