Sunday, May 24, 2026
Latest:
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन का किया फ्लैग ऑफ, प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में लिया हिस्सा 

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को फ्लैग ऑफ कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की दौड़ के शुभंकर “क्यालु- हिम तेंदुआ” का अनावरण भी किया। आयोजन में देश के 27 राज्यों और 2 देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जो इस अल्ट्रा रन के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, अवसर और विश्वास का संचार करने का अभियान है। उन्होंने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा भरपूर है।

उन्होंने कहा कि यह दौड़ शारीरिक क्षमता के साथ-साथ इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। नीति घाटी जैसे दुर्गम क्षेत्र में दौड़ने के लिए विशेष साहस और दृढ़ विश्वास की आवश्यकता होती है। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के पर्यटन, साहस और सामर्थ्य का “ब्रांड एंबेसडर” बताया।

नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं, और यह आयोजन उसी सोच को आगे बढ़ाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मई को नीति घाटी में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम उत्तराखंड के खेल और एडवेंचर टूरिज्म के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। साथ ही उन्होंने प्रतिभागियों से पूरे उत्साह और सुरक्षा के साथ दौड़ पूरी करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र भंडारी सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *