Saturday, June 27, 2026
उत्तराखंड

चारधाम यात्रा प्रदेश की आर्थिकी की लाइफलाइन: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान चारधाम यात्रा को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग रील बनाकर यात्रा को राजनीति की भेंट चढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का विरोध किया जा सकता है, बीकेटीसी का भी विरोध हो सकता है, लेकिन प्रदेश की आस्था और अर्थव्यवस्था से जुड़ी पवित्र चारधाम यात्रा का विरोध नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम महादेव का पावन स्थल है और सरकार यात्रा को हर स्तर पर सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल आस्था की कठिन यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आर्थिकी की लाइफलाइन भी है। इससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी है। ऐसे में नकारात्मक बातों से यात्रा को प्रभावित करने के बजाय यात्रियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

विधानसभा में गैस संकट को लेकर उठे सवालों पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी प्रकार की गैस किल्लत नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी एक दिन पहले ही केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से मुलाकात हुई है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस समय पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिसका असर केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि दुनिया पर संकट के बादल छाए होने के बावजूद भारत में विकास और उत्सव का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कोरोना काल में भी दुनिया ने भारत को लेकर आशंका जताई थी, लेकिन भारत ने न केवल महामारी पर नियंत्रण पाया बल्कि 100 से अधिक देशों को वैक्सीन भेजकर मानवता की मिसाल पेश की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *