Sunday, June 28, 2026
Latest:
उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दी 12.58 लाख की सौगात, 15 जून तक हर हाल में कैंचीधाम बायपास शुरू करने के दिए निर्देश

भीमताल : जनपद नैनीताल में विकास कार्यों को गति देते हुए प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन पहुंचकर ₹1258.12 लाख की पांच योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें लोक निर्माण विभाग की ₹945.99 लाख की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹312.13 लाख की एक योजना का लोकार्पण शामिल है।

कैबिनेट मंत्री ने विभागवार समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन बायपास हर हाल में 15 जून तक यातायात के लिए खोल दिया जाए। उन्होंने कहा कि 75 मीटर स्पान के पुल के निर्माण में यदि विलंब की स्थिति बनती है तो अस्थायी वैलीब्रिज की व्यवस्था कर निर्धारित तिथि तक बायपास शुरू कराया जाए।

उन्होंने जनपद की सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही हॉटमिक्स कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और भारी वाहनों के अनुरूप सड़क निर्माण पर जोर दिया।

पंचायतीराज व्यवस्था को सशक्त बनाने का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की कार्यवाही जारी है। प्रदेश भर में नए पंचायत भवन बनाए जा रहे हैं और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 14,027 गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ने का काम किया जा चुका है। दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) योजना के तहत पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत हैं और 1118 लोग इसका लाभ ले चुके हैं।

सिंचाई विभाग की समीक्षा में मंत्री ने क्षतिग्रस्त गूलों और नहरों की मरम्मत प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने, ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव की रोकथाम के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा झीलों और नदियों में जमी गाद हटाने के लिए आधुनिक मशीनें खरीदने की कार्यवाही करने को कहा।

पंचायतीराज विभाग को गांव से मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, कॉम्पेक्टर के उपयोग और जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए। पर्यटन विभाग को होम स्टे में स्वच्छ शौचालय और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा कमरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में कार्य करने को कहा गया।

बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं और सुझावों से मंत्री को अवगत कराया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *