उत्तराखंड

भव्य शोभायात्रा के साथ आदि गौरव महोत्सव का आगाज 

देहरादून : परेड ग्राउंड में आदि गौरव महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। गांधी पार्क से परेड ग्राउंड तक निकाली गई शोभायात्रा के साथ शुरू हुए इस महोत्सव में देशभर के जनजातीय समुदायों की संस्कृति, परंपराओं, कला और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिली। कैबिनेट मंत्री खजान दास ने महोत्सव का उद्घाटन किया।

शोभायात्रा में विभिन्न राज्यों के जनजातीय समुदायों के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। इस दौरान जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया। उद्घाटन अवसर पर जनजातीय कल्याण निदेशक एसएस टोलिया, उप निदेशक राजीव कुमार सोलंकी और समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अददांकी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय समुदायों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आदि गौरव महोत्सव जैसे आयोजन जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को नई पहचान देने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

महोत्सव के पहले दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक संस्कृति के रंग देखने को मिले। गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने अपने लोकप्रिय गीत ‘मेरा डांडी कंठियों का मुलुक’, ‘घुघुती घुरों लैंगी’ और ‘बांद बिजोरा’ की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक गायक अनूप चांगटा ने ‘डांटू वालिये’ और ‘मेरी गुजरीये’ जैसे गीतों से खूब तालियां बटोरीं। वहीं, हेमा नेगी करासी ने मंगल गीतों, जागर और पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।

महोत्सव में असम, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा सहित कई राज्यों के जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। गुजरात के सिद्दी समुदाय की भागीदारी भी विशेष आकर्षण बनी हुई है। इसके अलावा उत्तराखंड की जौनसारी, भोटिया, बुक्सा, थारू और राजी जनजातियों के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक परंपराओं को प्रदर्शित कर रहे हैं।

महोत्सव में विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, आभूषण, जनजातीय कला, स्थानीय उत्पाद और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। इससे शिल्पकारों, महिला उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिल रहा है।

जनजातीय कल्याण निदेशक एसएस टोलिया ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के साथ कलाकारों और शिल्पकारों को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। आगामी दिनों में किशन महिपाल, अज्जू तोमर, सौरभ मैठाणी, संगीता धौंडियाल, बंटी राणा, पांडवाज बैंड, अत्तर शाह और सुरेंद्र राणा सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

18 नवंबर तक चलेगा महोत्सव

आदि गौरव महोत्सव 18 नवंबर तक चलेगा। आमजन के लिए महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। प्रवेश निःशुल्क है। सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम छह बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *