उत्तराखंड

आईएमए से पासआउट होने जा रहे 59 ऑफिसर कैडेट्स का अकाउट्रमेंट समारोह सम्पन्न

देहरादून : भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से 13 जून को पासिंग आउट परेड के बाद कोर ऑफ इंजीनियर्स में कमीशन प्राप्त करने जा रहे 59 ऑफिसर कैडेट्स के लिए क्लेमेंट टाउन स्थित 2 इंजीनियर रेजिमेंट द्वारा अकाउट्रमेंट समारोह का आयोजन किया गया। समारोह सैन्य परंपराओं, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

समारोह में शामिल 59 ऑफिसर कैडेट्स में 20 कैडेट्स को मद्रास इंजीनियर ग्रुप, 20 को बॉम्बे इंजीनियर ग्रुप तथा 19 कैडेट्स को बंगाल इंजीनियर ग्रुप आवंटित किया गया है। अकाउट्रमेंट समारोह को सैन्य जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है, जो युवा अधिकारियों के भारतीय सेना के प्रतिष्ठित कोर ऑफ इंजीनियर्स के साथ औपचारिक जुड़ाव का प्रतीक होता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल विकास रोहिल्ला ने की। इस अवसर पर उन्होंने ऑफिसर कैडेट्स को अकाउट्रमेंट प्रदान किए और उन्हें कोर ऑफ इंजीनियर्स की गौरवशाली परंपराओं को निष्ठा, साहस, व्यावसायिक दक्षता और कर्तव्यपरायणता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का प्रत्येक अधिकारी राष्ट्र सेवा के सर्वोच्च आदर्शों का प्रतिनिधित्व करता है और उसे हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करना चाहिए। उन्होंने युवा अधिकारियों को उत्कृष्ट नेतृत्व, तकनीकी दक्षता और सैन्य मूल्यों को अपनाकर देश सेवा में योगदान देने का संदेश दिया।समारोह में बड़ी संख्या में सेवारत अधिकारी एवं पूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे। उन्होंने भावी अधिकारियों को उनके उज्ज्वल सैन्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं और देश सेवा के पथ पर सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि ये सभी ऑफिसर कैडेट्स 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड के बाद भारतीय सेना के कोर ऑफ इंजीनियर्स में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *