180 फीट लंबे तिरंगे के साथ हरिद्वार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा,राष्ट्रभक्ति से सराबोर हुआ शहर
यात्रा का मुख्य आकर्षण 180 फीट लंबा तिरंगा रहा, जिसे एनसीसी के छात्रों ने भारत माता के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन किया।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और वीरता का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके सपनों के भारत के निर्माण में योगदान दे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाना है।
हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा हर भारतीय की शान है। उन्होंने कहा कि हजारों क्रांतिकारियों ने तिरंगे को अपने सीने से लगाकर देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर किए। युवाओं की भागीदारी इस बात का प्रतीक है कि देश के अमर जवान आज भी हर भारतीय के दिल में जीवित हैं।
यात्रा में पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, कार्यक्रम संयोजक लव शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, राजकुमार अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, सुभाष चंद्र, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, तरुण नय्यर, अनिमेष शर्मा, तुषांक भट्ट, किशन बजाज, आशु चौधरी, विकास प्रधान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

