Wednesday, June 24, 2026
Latest:
उत्तराखंड

लैब तकनीशियनों के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे से की मुलाकात, लंबित मांगों को लेकर की विस्तृत वार्ता 

देहरादून : बेरोजगार डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे से मुलाकात कर लंबित मांगों को लेकर विस्तृत वार्ता की। बैठक में उपसचिव, अनुसचिव सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य सचिव के समक्ष आईपीएचएस मानकों के अनुरूप मेडिकल लैब तकनीशियनों के पद सृजित करने, वर्षवार मेरिट के आधार पर नियमावली बनाकर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने तथा अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त छूट देने की मांग प्रमुखता से उठाई।

स्वास्थ्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन विषयों पर विभागीय स्तर पर विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रमुख मांगों पर उच्च स्तर पर विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी तथा संगठन पदाधिकारियों को पुनः वार्ता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी की मध्यस्थता से संगठन को स्वास्थ्य सचिव के साथ वार्ता का आश्वासन मिला था। उसी क्रम में यह बैठक आयोजित की गई।

इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि बेरोजगार डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना एकता विहार, देहरादून में 34वें दिन भी जारी रहा। उनका कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन और धरना जारी रहेगा।संघ ने वार्ता को सकारात्मक और आशाजनक बताते हुए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है, ताकि वर्षों से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों को न्याय मिल सके।

बैठक में संघ के अध्यक्ष आशीष चंद्र, प्रदेश महासचिव मयंक राणा, उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट, संगठन मंत्री अनुराग पंत तथा गणेश गोदियाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *