Friday, October 16, 2026
उत्तराखंड

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले निर्वाचन आयोग की बड़ी समीक्षा, 21 एजेंसियों ने दी तैयारियों की जानकारी

देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में दोनों मंडलायुक्तों, पुलिस रेंज प्रभारियों, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी सहित सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण आयोग के अधिकारियों के समक्ष दिया।

राजपुर रोड स्थित एक होटल में हुई बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक सूचना प्रौद्योगिकी सीमा खन्ना और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। केंद्र और राज्य सरकार की 20 से अधिक प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक के पहले दिन सभी जिलाधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। आयोग के अधिकारियों ने इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दूसरे दिन जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चुनाव तैयारियों की जानकारी दी। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बल की तैनाती की योजना के साथ अपराध और कानून-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का प्रस्तुतीकरण किया।

आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष जताते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित चुनाव योजना के अनुसार समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अर्द्धसैनिक बल, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और सीमा शुल्क समेत 21 एजेंसियों ने भी चुनाव से संबंधित तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एसबी जोशी और बीके पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी निलेश आनंद भरणे, आईजी कुमाऊं रेंज नवेदिता कुकरेती, प्रभारी आईजी गढ़वाल रेंज विमि सचदेवा, राज्य पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जौदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास समेत सभी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *