Tuesday, September 29, 2026
Latest:
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान का लिया जायजा, बर्फबारी प्रभावित ट्रैकर्स और पोर्टरों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स एवं पोर्टरों की स्थिति की जानकारी ली और सभी की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है। ऐसे में संकट की घड़ी में प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करना राज्य सरकार का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों हुई बारिश से प्रदेश में हुए नुकसान की भी जानकारी ली और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बारिश के कारण बंद हुई सड़कों को जल्द खोलने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत युद्ध स्तर पर कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *