Saturday, September 26, 2026
Latest:
उत्तराखंड

पिटकुल को 128 करोड़ का विशुद्ध लाभ, 26.35 करोड़ लाभांश राज्य सरकार को देगा

बुधवार को उत्तराखंड सचिवालय परिसर में मुख्य सचिव एवं पिटकुल अध्यक्ष आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में पिटकुल के निदेशक मंडल की 108वीं बैठक और 22वीं वार्षिक आम बैठक हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की लागत लेखा रिपोर्ट, वार्षिक लेखे और वैधानिक लेखा परीक्षक की रिपोर्ट पर चर्चा के बाद इन्हें मंजूरी दी गई। पिटकुल ने लगातार चौथी बार निर्धारित अवधि से पहले वार्षिक आम बैठक आयोजित कर नया रिकॉर्ड बनाया है।

बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, अपर सचिव खजान चंद्र पांडे, स्वतंत्र निदेशक एन. रविशंकर, पराग गुप्ता और अरविंद बड़थ्वाल, पिटकुल एवं यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निदेशक मंडल ने रिकॉर्ड लाभ और समय से पहले वार्षिक आम बैठक कराने के लिए पिटकुल प्रबंधन तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

40 कार्मिकों को जीआईएस और एसएफ-6 गैस हैंडलिंग का प्रशिक्षण

पिटकुल मुख्यालय विद्युत भवन में 24 सितंबर को कार्मिकों के कौशल विकास और तकनीकी ज्ञान बढ़ाने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कैपिटल इलेक्ट्रेक प्राइवेट लिमिटेड, गाजियाबाद के माध्यम से आयोजित प्रशिक्षण में 40 कार्मिक हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण में जीआईएस प्रणाली की संरचना, एकल रेखा आरेख की जानकारी तथा एसएफ-6 गैस की सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कहा कि उत्तराखंड समेत देशभर में जीआईएस आधारित विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में अभियंताओं और परिचालन से जुड़े कार्मिकों के लिए जीआईएस प्रणाली का व्यावहारिक ज्ञान जरूरी है, ताकि इन उपकेंद्रों के संचालन और रखरखाव का काम सुगमता से किया जा सके। उन्होंने कहा कि पिटकुल अपने कार्मिकों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर तकनीकी रूप से अद्यतन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हल्द्वानी में कर्मचारियों और परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण

पिटकुल की ओर से 220 केवी उपकेंद्र कमलुवागांजा, हल्द्वानी में कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। मेदांता मेडिसिटी अस्पताल, गुरुग्राम की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श दिया।

शिविर में रक्तचाप, रक्त शर्करा, ईसीजी और लिवर संबंधी जांच समेत विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। हृदय, फेफड़ों तथा हड्डी और जोड़ संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न पिटकुल कार्यालयों से बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन पहुंचे।

चिकित्सा दल में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मयंक सिंह और सामान्य चिकित्सक डॉ. अरूशी भारद्वाज समेत अन्य तकनीकी एवं नर्सिंग स्टाफ शामिल रहा। पिटकुल प्रबंधन ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए इस तरह के स्वास्थ्य कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *