Wednesday, September 23, 2026
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने विकास योजनाओं के लिए दी 16.88 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति 

पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा और पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी जिले के पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत मझेड़ा के प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 49.85 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

देहरादून जिले के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत झाझरा में बंशीवाला से अंबेडकर पार्क होते हुए काली मंदिर और मुख्य मार्ग से बिजेंद्र चौहान के घर तक मार्ग निर्माण, आयुर्वेदिक अस्पताल के समीप वाली गली से नेहरू युवा क्लब के सामने उपाध्याय के घर तक मार्ग निर्माण तथा सैनिक कॉलोनी और सुद्धोवाला के वार्ड आठ व नौ के आंतरिक मार्गों में सीमेंट-कंक्रीट टाइल और नाली निर्माण के लिए 76.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की तहसील बसुकेदार में अनावासीय और आवासीय भवनों के निर्माण के लिए सबसे अधिक 12.26 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। पौड़ी जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के लिए 31.90 लाख रुपये दिए गए हैं।
इसके अलावा पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तौक भौरा फील्ड में सिंचाई गूल निर्माण के लिए 44.13 लाख रुपये और डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 86, सेवलाकलां स्थित संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के अवशेष कार्य के लिए 49.95 लाख रुपये तथा चंपावत विधानसभा क्षेत्र में मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र के अनुरक्षण, विश्राम शेड और पुलिया निर्माण के लिए 77.22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *